Tuesday, March 27, 2012

इक्कीसवी सदी के
द्वार पर खड़ी औरत
देख रही है पीछे .........
आँखों में उभरती हैं
अख़बार की सुर्खियाँ ........
एक अस्सी वर्ष की
वृधा से बलात्कार
जिन्दा जलाई जाती
नव विवाहिताओं की  चित्कार
इक्कीसवीं सदी में भी
क्या ऐसा ही होगा मेरे साथ
पूछ रही है औरत
 

Thursday, March 1, 2012

इंतजार

अबकी फागुन ने
भर दिए हैं रंग
टेसू  के फूलों में
बूढ़े हाथों ने
तोड़े हैं फूल
बनाया है रंग
उन फूलों से 
दूंढ ली है
छोटी सी पोटली
अबीर की
अबकी आएगा बेटा
परदेश से
मनायेगा त्यौहार
गाँव में
बूढ़ी आँखें
कर रही हैं इंतजार
फागुन के आने का 
 

Wednesday, January 11, 2012

नया वर्ष

अपनी झोली में
सपने लेकर
फिर आया है
नया वर्ष
लोग तोल रहे हैं
उन सपनों को
अपने अपने सपने
बाँटने की लगी है होड़
मैं भी खड़ी हूँ
उसी कतार में
मगर आँखों में
उभर आया है विगत
बीते वर्ष के जख्म
टीसने लगे हैं अब
फिर भी मैं
खड़ी हूँ उसी कतार में
कुछ सपने तो आयेंगे
मेरे भी हिस्से
खड़ी हूँ इंतजार में