Tuesday, November 27, 2012

चाहा था मैंने
तुम आओ
जीवन में ऐसे
जैसे आती है ह्वा
जैसे आती है
भोर की पहली किरण
जैसे फूटता है अंकुर
निः अब्द नीरव
 जैसे  खिलता है फूल
अपनी खुशबू में झूमता हुआ
मगर तुम तो आये
आंधी की तरह
मेरे वजूद को झकझोरते
तप्त सूरज की तरह
छोड़े तुमने
अनगिन निशान
झुलस गईं मेरी
सारी  आशाएं
फिर भी निःशेष
नहीं हुआ है सब कुछ
बाकि है अभी भी
थोड़ी सी नमी और
आज भी चाहती हूँ मैं कि
तुम आओ ऐसे जैसे .................

Sunday, October 28, 2012

मत जलाओ दीप आज
अँधेरा रहने दो
रौशनी हमें बाँट देती है
मैं और तुम में
बना देती है  हमें
इस अमानिशा में आज
बस मानस प्रकाश ही झरने दो
 नैन दीप में तुम
 भर दो  इतना स्नेह
 करे पलायन  अंधकार
बस एक दीप ही जलने दो
अब एक दीप ही जलने दो  

Saturday, August 4, 2012

 सोचा मैंने
लिखूँ एक कविता
हरी मखमली घास पर
मगर पशुओं ने
चर ली सारी घास
फिर सोचा
घास नहीं तो
चिड़िया  पर लिखूँ
आकाश में उन्मुक्त
विचरती चिड़िया
मगर बाजों ने
नोच लिए सारे पंख
फिर फूल ,नदी ,और निर्झर
मरते रहे लगातार
अब चुने हैं मैंने
 पत्थर
लिख रही हूँ मैं
पत्थरों  पर
कविता पत्थरों की